संस्कृति, ज़िम्मेदारी और जुड़ाव का संगम: उड़ान यूथ क्लब ने शुरू किया ‘चलो म्यूजियम चलें’ अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बागपत, 12 मई 2025 – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई माय भारत से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब ने विश्व म्यूजियम दिवस के अवसर पर “चलो म्यूजियम चलें – जिम्मेदार नागरिकता अभियान” की शुरुआत की है। यह पहल नागरिकों को अपनी सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ने और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।
इस अभियान के तहत देशभर के युवाओं और नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे अपने नजदीकी संग्रहालय या विरासत स्थल का भ्रमण करें, अपने अनुभव को लिखकर साझा करें, और इस प्रक्रिया में भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को और निकटता से समझें।अभियान में प्रतिभाग करने वालों को डिजिटल प्रमाण पत्र और जिम्मेदार नागरिकता का डिजिटल बैज प्रदान किया जाएगा।
उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष एवं राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता अमन कुमार ने बताया कि आज के दौर में संग्रहालयों में आगंतुकों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है, जो हमारी सांस्कृतिक चेतना के लिए एक गंभीर संकेत है। संग्रहालय केवल अतीत की वस्तुएं नहीं होते, बल्कि यह जिम्मेदार और जागरूक नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान के प्रथम चरण का लक्ष्य लगभग 2000 नागरिकों को जोड़ना है। इच्छुक प्रतिभागी भारत सरकार के माय भारत पोर्टल के माध्यम से 18 मई 2025 तक अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं।