
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर : अफजलगढ़ भूतपुरी-जसपुर मार्ग पर हरपुर तिराहे के पास रविवार देर रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरी के सामान समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो इनवर्टर और दो बैटरे बरामद किए हैं। सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। रेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम हरकिशनपुर निवासी विमल कुमार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुआवाला में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 23 अगस्त को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त की रात अज्ञात चोर कॉलेज परिसर से माइक्रोटैक कंपनी का सफेद रंग का इनवर्टर, स्मार्टन कंपनी का नीले रंग का इनवर्टर और स्मार्टन कंपनी की दो सफेद रंग की बैटरे चोरी कर ले गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ आलोक कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे मुखबिर की सूचना पर हरपुर तिराहे के पास दबिश दी। मौके से सुआवाला निवासी लक्की उर्फ अनिकेत (24) पुत्र घासी राम और हर्ष (22) पुत्र मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। उधर प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार के नेतृत्व में अफजलगढ़ पुलिस द्वारा लगातार चोरी की घटनाओं का खुलासा किए जाने पर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। इस अवसर पर गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमल सिंह, कांस्टेबल देवकरण सिंह, कांस्टेबल विजय राणा और कांस्टेबल मोनू कुमार शामिल रहे।


