शामली

 खाना बनाने को लेकर विवाद में पुत्रवधू ने सास पर किया जानलेवा हमला

रिश्तों को किया तार-तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
  चौसाना। खोडसमा गांव में मंगलवार सुबह मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने परिवार के रिश्तों को तार-तार कर दिया। खाना नहीं बनाने की बात कहने पर गुस्साई पुत्रवधू ने अपनी सास पर कैंची से हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद चुनरी से सास का गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया गया। चीख-पुकार सुनकर दूसरे बेटे की पत्नी ने मौके पर पहुंचकर सास को बचाया। गंभीर रूप से घायल महिला को ऊन सीएचसी से जिला अस्पताल शामली रेफर किया गया है।
खोडसमा निवासी नफीसा पत्नी इकबाल मंगलवार सुबह घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान उनका बेटा नदीम और दूसरा बेटा गुलफाम सकौती स्थित एक कंपनी में ड्यूटी के लिए सुबह करीब नौ बजे घर से निकले। परिजनों के मुताबिक दोनों ने सुबह खाना नहीं खाया था और भूखे ही ड्यूटी पर चले गए। करीब साढ़े दस बजे नफीसा ने नदीम की पत्नी से खाना नहीं बनाने को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि दोनों बेटे भूखे ही ड्यूटी पर चले गए हैं।
आरोप है कि सास की यह बात पुत्रवधू को नागवार गुजरी और वह आगबबूला हो गई। उसने हाथ में ली कैंची से सास पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से नफीसा संभल भी नहीं पाईं। इसके बाद आरोपित पुत्रवधू ने अपनी चुनरी सास के गले में डालकर उसे दबाने का प्रयास किया। नफीसा की चीख-पुकार सुनकर बराबर के कमरे से दूसरे बेटे सकिल की पत्नी मिना दौड़कर मौके पर पहुंची। रीना ने किसी तरह अपनी सास को आरोपी महिला के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इस दौरान पुत्रवधू ने मिना के साथ भी धक्का-मुक्की की।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल नफीसा को तत्काल ऊन सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया। घायल के पति इकबाल ने चौसाना चौकी पहुंचकर तहरीर देते हुए पुत्रवधू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है
चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि पुत्रवधू द्वारा सास पर जानलेवा हमला किए जाने की जानकारी मिली है। घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button