बेतुल
बैतूल धनियाजाम पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोप, सचिव को हटाने की मांग
ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम पंचायत धनियाजाम में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी सचिव संतोष शिवहरे को तत्काल हटाने तथा पंचायत के कार्यकाल की जांच अन्य विभाग के अधिकारियों से कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में नियमों को दरकिनार कर निर्माण कार्य और भुगतान किए जा रहे हैं।
शिकायत में बताया गया कि ग्राम पंचायत में बनाई गई सीमेंट कंक्रीट सड़कों की मोटाई करीब 4 इंच है, जबकि नियमानुसार सीसी रोड की मोटाई 8 इंच होना चाहिए। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की जांच कराने की मांग की है। वहीं आरोप लगाया गया कि सचिव संतोष शिवहरे की मूल ग्राम पंचायत धनियाजाम से करीब 50 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद पास की ग्राम पंचायत के सचिव को प्रभार न देकर उन्हें धनियाजाम का प्रभार दिया गया, जो कलेक्टर कार्यालय के 8 अगस्त 2026 के आदेश क्रमांक 10/पांचा, प्रको./जिला पंचायत/2026/1100 के उल्लंघन का आरोप है।
ज्ञापन में 25 मई 2026 को जल वितरण/बोर अधिग्रहण के नाम पर 11 हजार रुपए के भुगतान पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बोर अधिग्रहण की स्थिति में विद्युत विभाग को विद्युत बिल का भुगतान किया जा सकता है, लेकिन व्यक्ति विशेष को राशि का भुगतान नियम विरुद्ध है। ग्रामीणों ने इसे पंचायत एवं ग्राम स्वराज अधिनियम का उल्लंघन बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में कई बार शिकायत करने और कलेक्टर द्वारा जनपद सीईओ चिचोली को निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक जांच नहीं हुई है। इससे मामले में संदेह और गहरा रहा है। ग्रामीणों ने आठ दिन के भीतर प्रभारी सचिव को धनियाजाम पंचायत से हटाने और उनके कार्यकाल की समस्त गतिविधियों की अन्य विभाग के अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में उपसरपंच रामप्रसाद इवने सहित ग्रामीण शामिल रहे।



