शामली

खबर का असर: अतिक्रमण हटाकर नालियों की कराई सफाई, जल निकासी हुई दुरुस्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला। नगर में अतिक्रमण और जलभराव की समस्या को लेकर मीडिया में प्रकाशित खबर का असर बुधवार को देखने को मिला। खबर सामने आने के बाद नगर पालिका परिषद की टीम हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही नालियों की सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराया गया।

बताया गया कि मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के ब्लॉक अध्यक्ष विकास चौहान और सोशल मीडिया प्रभारी रईस पठान ने रेलवे मार्ग पर फैली समस्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि रेलवे मार्ग पर लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने तथा नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है।

बारिश के दौरान सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती थीं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को मीडिया ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हुआ।

बुधवार को पालिका कर्मचारियों ने रेलवे मार्ग पर पहुंचकर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटवाया और नालियों की सफाई कराई। कार्रवाई के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार दिखाई दिया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।

वहीं, किसान नेता विकास चौहान और रईस पठान ने बुधवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस जनसमस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने वाले नगर के सभी पत्रकारों और मीडिया कर्मियों का आभार जताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button