बरेली
थाना कैंट पुलिस ने फर्जी आर्मी दस्तावेज से अग्निवीर अभ्यर्थियों को ठगने वाले को दबोचा, साथी फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। थाना कैंट पुलिस ने सेना के फर्जी दस्तावेज, कॉल लेटर और मोहर के जरिए अग्निवीर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले अभियुक्त राजेश तिवारी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में हुआ खुलासा –
आरोपी ने बताया कि वह पहले जबलपुर में सेना भर्ती की तैयारी कराने वाली अकादमी चलाता था। वहीं उसकी मुलाकात गजेंद्र सिंह से हुई। दोनों ने मिलकर अभ्यर्थियों को फर्जी दस्तावेज और कॉल लेटर दिखाकर भरोसे में लेना शुरू किया और री-मेडिकल में पास कराने का झांसा देकर ठगी करने लगे। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से गजेंद्र सिंह के नाम से वॉट्सऐप चैट मिली है, जिसमें अभ्यर्थियों के रेफरल फॉर्म और रुपयों के लेन-देन की बात सामने आई है। राजेश अभ्यर्थियों की जानकारी वॉट्सऐप पर गजेंद्र को भेजता था और रकम का कुछ हिस्सा रखकर बाकी बताए गए खाते में ट्रांसफर कर देता था। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को आरोपी मिलिट्री अस्पताल के पास नए शिकार की तलाश में आया था, तभी मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
फरार साथी गजेंद्र सिंह की तलाश जारी है। बरामद मोबाइल, चैट, रजिस्टर और डिजिटल लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अब तक कितने अभ्यर्थियों से ठगी की गई है।
इस संबंध में एसपी सिटी मानुष पारीक ने घटना का खुलासा करते हुए जानकारी दी है !




