बालाघाट

स्थानांतरित जिला पंचायत सीईओ पर अध्यक्ष सम्राट सरस्वार के गंभीर आरोप कहा – त्रिस्तरीय व्यवस्था को किया चौपट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार ने स्थानांतरित मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ पर गौण खनिज मद में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। वे सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
अध्यक्ष सम्राट सरस्वार ने कहा कि सीईओ अभिषेक सराफ ने त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था को चौपट कर दिया है। मैंने स्वयं और अन्य सदस्यों ने कई बार पत्र लिखकर कार्यों से संबंधित जानकारी मांगी, लेकिन कभी कोई जवाब नहीं दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीईओ ने कई सरपंचों को प्रताड़ित किया, अनावश्यक रूप से परेशान किया, उनकी पेशी करवाई और उनके विरुद्ध धारा 40 के तहत कार्रवाई की। जबकि दोषी सचिवों को उपकृत कर उन्हें अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया।
सम्राट सरस्वार ने बताया कि गौण खनिज मद से होने वाले कार्यों के लिए गठित समिति में जिला पंचायत अध्यक्ष पदेन सदस्य होता है, इसके बावजूद उनके कार्यकाल में हुई बैठकों में उन्हें कभी आमंत्रित नहीं किया गया। हमेशा यह कहकर गुमराह किया गया कि जिला पंचायत अध्यक्ष समिति का सदस्य नहीं है। जब उन्होंने इस विषय पर दबाव बनाया, तब 10 दिन पहले राजपत्र का हवाला देते हुए स्वीकार किया गया कि जिला पंचायत अध्यक्ष समिति का सदस्य है।
उन्होंने कहा कि गौण खनिज मद में हुए भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए ही उन्हें सदस्य न होने की बात कही जा रही थी और जानबूझकर बैठकों से दूर रखा जा रहा था।
      सीईओ के स्थानांतरण पर खुशी जाहिर करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत के सभी प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री से मिलकर सीईओ की शिकायत की थी। उन्होंने स्थानांतरण का आश्वासन दिया था, जो अब पूरा हुआ है। इसके लिए सभी सदस्य मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button