
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : नगर पालिका परिषद कांधला क्षेत्र में सरकारी नाले की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर पालिका प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में एक स्थानीय निवासी ने अधिशासी अधिकारी/नगर पालिका प्रशासन को शिकायती पत्र देकर नाले के दोनों ओर पांच-पांच फीट सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार, कस्बा कांधला थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिकायतकर्ता ने बताया कि नगर पालिका के सामने खसरा संख्या 1833, 1838 व 1834 से होते हुए एक सरकारी नाला निकल रहा है। आरोप है कि नाले की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नाले के दोनों तरफ करीब पांच-पांच फीट जगह छोड़ी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा मिट्टी डालकर तथा निर्माण सामग्री रखकर धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण सरकारी नाले की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बरसात के दौरान नाले में पानी की निकासी बाधित होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि खसरा संख्या 1834 में नगर पालिका की भूमि पर पिछले करीब 40-45 वर्षों से कब्जा चला आ रहा है। अब इसी सरकारी भूमि के दोनों तरफ अतिक्रमण किए जाने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर सरकारी भूमि की पैमाइश कराने तथा नाले के दोनों ओर निर्धारित पांच-पांच फीट जगह को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।शिकायतकर्ता का कहना है कि नाले की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने से नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि की स्थिति स्पष्ट कराने और अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है।

