दिल्ली

सत्य निकेतन हादसे पर धरने पर बैठे देवेंद्र यादव

निगम आयुक्त से मांगा इस्तीफा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने की घटना को लेकर घटनास्थल पर धरना दिया और मृतक व घायल छात्रों को न्याय देने की मांग की। उन्होंने हादसे की जिम्मेदारी लेते हुए निगम आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि करीब 50 साल पुरानी इमारत के बेसमेंट में पानी भरने के बावजूद बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के मरम्मत की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला है। यादव के अनुसार, हादसे में सात छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती और मृतक व घायल छात्रों को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि सत्य निकेतन क्षेत्र में पार्षद, विधायक, सांसद, मेयर और अन्य प्रमुख पदों पर भाजपा के प्रतिनिधि होने के बावजूद क्या सरकार सत्ताधारी नेताओं की जिम्मेदारी तय करेगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली में पिछले डेढ़ वर्ष में इमारत गिरने और आग लगने की कई घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा सरकार पर हादसों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने सत्य निकेतन में राहत और बचाव कार्य की गति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।

धरने में एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष तस्वीर सौलंकी, पूर्व निगम नेता जितेंद्र कुमार कोचर, जिला अध्यक्ष महिंद्र मंगला, पूर्व पार्षद हिरन टोकस सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button