गाजियाबाद

पुलिस कमिश्नर के दरबार तक पहुंचा लोनी का सियासी विवाद

विधायक पर लगाएं गंभीर आरोप

भाजपा नेताओं ने दी अपनी तहरीर, गाली-गलौज, धमकी और गाड़ियों में तोड़फोड़ के प्रयास का लगाया आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : रेड फ्लेम होटल प्रकरण को लेकर लोनी की राजनीति में चल रही तनातनी अब पुलिस के दरवाजे तक पहुंच गई है। भाजपा नेता ईश्वर मावी, प्रमुख अनिल कसाना और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. विनोद बंसल ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर से मिलकर अपना शिकायती पत्र सौंपकर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने घटना की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, मामले में मुकदमा दर्ज करने तथा उन्हें और उनके परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता प्रमुख अनिल कसाना के मुताबिक, 5 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे लोनी नंबर-दो बस स्टैंड के पास स्थित रेड फ्लेम होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर क्षेत्र में चल रहे विवाद के बीच लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान विधायक नंदकिशोर गुर्जर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद लोगों की गाड़ियों के दरवाजे खोलने का प्रयास किया गया तथा कुछ वाहनों के शीशे राइफल की बट से तोड़ने की कोशिश की गई। प्रमुख अनिल कसाना का दावा है कि पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। इसके अलावा घटना से संबंधित कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं।
वायरल वीडियो व शिकायत में मौके पर पुलिस मौजूद होने का दावा
शिकायती पत्र में कहा गया है कि घटना के दौरान लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी,क ई उपनिरीक्षक व बड़ी संख्या में  पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद विधायक द्वारा कि गई उत्तेजित करने वाली कार्यवाही को नियंत्रित करने और शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने में पुलिस टीम पूरी तरह मूकदर्शक बनी सब कुछ देखती रही और मामले को नियंत्रण में करने के लिए कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। उनका कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। और लोगों पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोशित हैं
शिकायत कर्ता पेन ड्राइव में वीडियो लेकर पहुंचे कमिश्नर के पास
तीनों भाजपा नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को घटना से संबंधित वीडियो की पेनड्राइव भी सौंपी है। उन्होंने होटल की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित कराने और विधायक नंदकिशोर गुर्जर तथा उनके साथ मौजूद अज्ञात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की बात की ।
पुलिस कमिश्नर ने शिकायतकर्ताओं को मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि यह प्रकरण सोशल मीडिया में ट्रेंड कर रहा है लोनी में चारों तरफ इस मामले की चर्चा खूब सुर्खियां में है देखना यह है कि अब पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा इस मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button