‘गोवा फर्स्ट’ भाजपा-कांग्रेस का मजबूत विकल्प बनेगा : केजरीवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नई दिल्ली/गोवा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को गोवा में आम आदमी पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के बीच गठबंधन की घोषणा की। गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई की मौजूदगी में अबोलिम हॉल में हुई संयुक्त प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन ‘गोवा फर्स्ट’ कहलाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा तथा कांग्रेस के सामने मजबूत विकल्प पेश करेगा।
केजरीवाल ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि गोवा की राजनीति में यह एक नई शुरुआत है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीसरे विकल्प के अभाव में भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर राज्य की जनता को धोखा दिया और गोवा को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि गोवा के लोग दो बार भाजपा और कांग्रेस से धोखा खा चुके हैं और अब तीसरी बार ऐसा नहीं होने देना चाहते।
उन्होंने दावा किया कि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में गोवा की जनता ने भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को समर्थन दिया, लेकिन बाद में कांग्रेस के विधायकों के भाजपा में जाने से भाजपा की सरकार बनी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय दोनों दल एक-दूसरे पर हमलावर रहते हैं, लेकिन चुनाव के बाद सत्ता के लिए साथ आ जाते हैं।
केजरीवाल ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इसमें न भाजपा की विचारधारा है और न कांग्रेस की, बल्कि सरकार पर उन्होंने ‘पॉकेट फर्स्ट’ और माफिया राज का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गोवा में बिल्डर और ठेकेदार प्रभावशाली भूमिका में हैं, जबकि ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन का उद्देश्य राज्य और उसके लोगों के हितों को प्राथमिकता देना है।
उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा और कांग्रेस के अलावा गोवा की जनता के सामने कोई मजबूत विकल्प नहीं था, लेकिन ‘गोवा फर्स्ट’ के रूप में पहली बार गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेस गठबंधन सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा और कांग्रेस के कई विधायक चुनाव के बाद भाजपा में जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसी स्थिति को रोकने के लिए यह गठबंधन बनाया गया है और ‘गोवा फर्स्ट’ अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए चुनाव मैदान में उतरेगा।



