गोड्डा
युवा कांग्रेस नेता दीपक मंडल के गोड्डा आवास पहुंचे यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी
एक लाख की आर्थिक सहायता के साथ परिजनों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सड़क हादसे की उस दर्दनाक और खौफनाक सुबह ने गोड्डा के युवा राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया ही उजाड़ दी। कुछ ही दिन पहले एक भीषण कार दुर्घटना में युवा कांग्रेस के सक्रिय और मिलनसार जिला महासचिव दीपक मंडल के आकस्मिक निधन ने हर किसी को भीतर से झकझोर कर रख दिया था। इस अपूरणीय क्षति के बाद गोड्डा शहर के नहर चौक के निकट स्थित उनके आवास का माहौल बेहद गमगीन और सन्नाटे से भरा हुआ था।
दुख की इस रूह कंपा घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने युवा कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पहुंचा। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अर्कादित्य यादव और जिला अध्यक्ष शशि कुमार के नेतृत्व में कई युवा साथी और कांग्रेसी कार्यकर्ता नहर चौक स्थित उनके घर पहुंचे। वहां पहुंचते ही नेताओं का दिल भर आया और शोकाकुल परिजनों से मिलते ही माहौल और भी अधिक भावुक हो गया। परिजनों के आंसुओं को पोछते और उनके सिर पर सांत्वना का हाथ रखते हुए युवा कांग्रेस की ओर से एक लाख की आर्थिक सहायता राशि सौंपी गई। इस दौरान नेताओं ने सिर्फ औपचारिकता पूरी नहीं की, बल्कि परिवार के एक-एक सदस्य को यह भरोसा दिलाया कि दीपक भले ही शारीरिक रूप से आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन यह पूरा कांग्रेस परिवार और युवा मोर्चा उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा है।
अर्कादित्य यादव ने भावुक शब्दों में परिजनों से कहा कि इस दुखद हादसे ने जो खालीपन पैदा किया है, उसकी भरपाई तो कोई नहीं कर सकता, लेकिन परिवार को किसी भी तरह की अकेली तन्हाई महसूस नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से यह विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी परिवार को हर तरह का सहयोग, समर्थन और मार्गदर्शन लगातार मिलता रहेगा। घर के भीतर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं। दीपक मंडल की वह हंसमुख छवि और संगठन के प्रति उनका समर्पण याद करके लोग भावुक हो पड़ते थे। इस कठिन परिस्थिति में युवा कांग्रेस के नेताओं का यह संवेदनशील कदम और कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने का संदेश इस बात की गवाही दे रहा था कि राजनीतिक रिश्तों से परे इंसानियत और संवेदनाएं आज भी जीवित हैं। इस मौके पर कई युवा साथी भी मौजूद थे।



