
6 क्विंटल बिजली तार और ऑटो लोडर मिला, पुलिस पर की थी फायरिंग..
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – देर रात चेकिंग के दौरान गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस और बिजली तार चोर गैंग में मुठभेड़ हो गई ।मुठभेड़ में 2 बदमाश गोलीलगने से घायल हो गए जबकि 3 शातिर बदमाश बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार बदमाशों से करीब 6 कुंतल विद्युत तार के साथ ही एक ऑटो लोडर , अवैध असलहा और कारतूस सहित तार चोरी करने के उपकरण भी बरामद हुए हैं । इससे गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़ और बाबूगढ़ में तार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है । गिरफ्तार आरोपियों पर हापुड़, बुलंदशहर और गाजियाबाद में करीब 5 दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुंदर निवासी नंगला आलमपुर, बुलंदशहर, दीपक निवासी शाहपुर चौधरी, गढ़मुक्तेश्वर और शेरू उर्फ जयदीप निवासी हर्ष विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब 6 क्विंटल बिजली के तार, एक ऑटो लोडर, अवैध हथियार, कारतूस और तार चोरी करने के औजार बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़ और बाबूगढ़ क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना कबूल किया है। इन सभी मामलों में एंटी पावर थेफ्ट थाने में पहले से केस दर्ज हैं।
सीओ गढ़मुक्तेश्वर राहुल यादव ने बताया कि , क्षेत्र में लगातार बिजली के तार चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं,पुलिस इस गैंग की तलाश में जुटी हुई थी । सोमवार देर रात गढ़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट टीम के साथ स्याना – बहादुरगढ़ मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक ऑटो लोडर को रुकने का इशारा किया, ऑटो लोडर रुकने के बजाय उसमें बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बाल-बाल बच गए।जिसके बाद पुलिस की तरफ से भी जवाबी कार्यवाही की गई, पुलिस की इस जवाबी कार्यवाही में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।पुलिस ने घेराबंदी कर तीसरे आरोपी को भी पकड़लिया। पकड़े गए सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं। सुरेंद्र के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 41 मुकदमे, शेरू के खिलाफ 19 और दीपक के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बिजली के तार चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

