मेरठ

बीट पुलिसिंग मजबूत करें, छह माह से लंबित विवेचनाओं का करें प्राथमिकता से निस्तारण : डीआईजी मेरठ

 मिशन शक्ति केंद्र की नियमित समीक्षा, माल निस्तारण और शस्त्र रखरखाव पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को थाना परतापुर का वार्षिक निरीक्षण कर परिसर, कार्यालय, बैरक, मैस, मालखाना, शस्त्रागार, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का जायजा लिया। उन्होंने विवेचकवार लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए छह माह से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने ग्राम प्रहरियों से संवाद कर छोटी से छोटी घटना की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। बीट कर्मियों को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहने और ग्राम चौकीदारों से नियमित संपर्क व सूचनाओं का आदान-प्रदान करने को कहा। पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन के लिए लोगों को थाने न बुलाने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों को मौके पर जाकर 15 दिन के भीतर सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए। एनबीडब्ल्यू की प्रतिदिन मॉनिटरिंग, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और हवालात-रिमांड रजिस्टर को अपडेट रखने पर भी जोर दिया गया।
डीआईजी ने मिशन शक्ति केंद्र में महिला संबंधी शिकायतों और यूपी-112 से प्राप्त इवेंट को रजिस्टर में दर्ज कर कार्रवाई के बाद पीड़िताओं से फीडबैक लेने के निर्देश दिए। महिला शिकायतों को प्राथमिकता से मिशन शक्ति केंद्र पर अटेंड कराने और संबंधित बीट महिला कर्मी को मौके पर भेजने को कहा। सीओ और थाना प्रभारी को मिशन शक्ति केंद्र व एंटी रोमियो अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा स्कूल समय और शाम को एंटी रोमियो चेकिंग के निर्देश दिए। वहीं, मालखाने में रखे सामान के रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन, क्यूआर कोड व्यवस्था और लंबित माल के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया। थानों के जर्जर भवनों की पत्रावली तैयार कर कार्रवाई करने तथा पुलिसकर्मियों को आर्मोरर के माध्यम से शस्त्रों की जानकारी और हैंडलिंग का अभ्यास कराने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की अच्छी जानकारी के लिए उपनिरीक्षक विपिन मिश्रा को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार, सीओ ब्रह्मपुरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button