भारी बारिश के बीच भी नहीं थमा गणपति महोत्सव का उत्साह, विजेताओं को किया गया सम्मानित
The enthusiasm for the Ganpati festival remained undiminished despite heavy rains; winners were felicitated.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। रेलवे मैदान पाकुड़ में आयोजित 28वें गणपति महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम देखने को मिला। संध्या बेला में बाबा गणेश की महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पूरा परिसर “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा। भारी बारिश के बावजूद देर रात तक फाइनल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई। जूनियर, सीनियर, ड्यूएट एवं ग्रुप डांस वर्ग में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कोलकाता, मालदा, मुर्शिदाबाद, जंगीपुर, बरहमपुर, रामपुरहाट, साहिबगंज एवं भागलपुर से पहुंचे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। प्रतियोगिता करीब रात 3 बजे तक चली। निर्णायक उज्ज्वल हालदार एवं शंकरलाल साह ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। ग्रुप डांस में स्ट्रीट डांस ग्रुप प्रथम, विंग्स डांस ग्रुप द्वितीय एवं एसडीपी क्वींस तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में सौम्या सिंह प्रथम, जाय प्रमाणिक द्वितीय एवं आयन मंडल तृतीय तथा जूनियर वर्ग में आराध्या दास प्रथम, आशिया खातून द्वितीय एवं मनीषा सरकार तृतीय रहीं। आध्या एवं अदिति को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मंच पर मौजूद वार्ड पार्षद निभा देवी, कल्याणी गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता, अखिलेश कुमार चौबे, संजय कुमार, कुमार विश्वास, अरविंद कुमार राय एवं सनी सुप्रभात ने विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया। मौके पर युवा नेता अजहल इस्लाम ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव को सफल बनाने में हिसाबी राय, राणा शुक्ला, अविनाश पंडित, अजीत मंडल, तन्मय पोद्दार, राज चौधरी, अनिकेत गोस्वामी सहित समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।



