ललितपुर

 पोषण स्तर बेहतर कर टीबी रोगियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना लक्ष्य

रेडक्रॉस सोसायटी ने क्षय रोगियों को वितरित की पोषण पोटली

नियमित दवा और पौष्टिक आहार लेने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला क्षयरोग नियंत्रण केंद्र पर रेडक्रॉस सोसायटी जनपद शाखा के माध्यम से क्षयरोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार कर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना और उपचार के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना रहा। रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डा.एसपी पाठक ने कहा कि पोषण पोटली वितरण का मुख्य उद्देश्य क्षयरोगियों के पोषण स्तर को बेहतर बनाकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि टीबी मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए मरीजों को गोद लेने की योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत आमजन, अधिकारी और समाजसेवी संगठन क्षयरोगियों को गोद लेकर उनके उपचार में सहयोग कर सकते हैं। गोद लिए गए मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए उन्हें पोषण किट उपलब्ध कराई जाती है। जिला क्षयरोग अधिकारी डा.आरएन सोनी ने कहा कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है। इसके लिए जरूरी है कि मरीज नियमित रूप से दवाओं का सेवन करें और पर्याप्त एवं उचित पोषण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पोषण पोटली जैसी पहल मरीजों के उपचार को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक टीबी मरीज को दवा के साथ पर्याप्त पोषण भी मिले, जिससे वह जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सके। उप जिला क्षयरोग अधिकारी डा.धीरेन्द्र वैध ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इस अभियान की सफलता में समुदाय की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन को टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि लोग नि:क्षय मित्र बनकर क्षयरोगियों के पोषण स्तर में सुधार लाने में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीबी से ग्रसित मरीजों को समय से जांच और उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि उच्च जोखिम वाली आबादी वाले ग्रामों में शिविर लगाकर टीबी स्क्रीनिंग की जा रही है। जरूरतमंद लोगों के एक्स-रे जांच एवं उपचार की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना, वजन कम होना, बुखार, सीने में दर्द, शरीर में गांठ होना, रात में पसीना आना, अत्यधिक थकान, बलगम में खून आना तथा लगातार बलगम वाली खांसी टीबी के प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच करानी चाहिए। डा. आरएन सोनी ने आमजन से अपील की कि टीबी की जांच और उपचार जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों में नि:शुल्क उपलब्ध है। किसी भी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित उपचार लें। कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी वाइस चेयरमैन अजय बरया, अनिल अंचल, डा.दीपिका चौबे, राजेश लिटौरिया, डा.अनूप श्रीवास्तव, जिला क्षयरोग नियंत्रण केंद्र मेडिकल ऑफिसर डा.विजय द्विवेदी, डा.मोईन अख्तर, डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट, डीपीसी शिवराम सिंह निरंजन, पीपीएम आदेश श्रीवास्तव, डीपीटीसी मनोज गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button