सिंगरौली
25 हजार दीपों से जगमगाया जुड़वा तालाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम, जिलेभर में घर-घर जले दीप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का जिले में शुभारंभ हुआ। अभियान के प्रथम दिवस आयोजित ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में जुड़वा तालाब परिसर 25 हजार मिट्टी के दीपों से जगमगा उठा। दीपों से सजे तालाब परिसर की छटा देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय, पार्षद सीमा जायसवाल, राम नरेश शाह, संतोष शाह, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, उप आयुक्त आरपी बैस और कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी दीप जलाए। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में समाजसेवी, व्यापारी, हितग्राही परिवार, विद्यार्थी, युवा, महिलाएं और जन अभियान परिषद के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन का प्रभाव जुड़वा तालाब तक सीमित नहीं रहा। नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और जिले के गांवों में भी लोगों ने अपने घरों में दीप जलाए। प्रधानमंत्री आवास योजना गनियारी के हितग्राही परिवारों ने 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए।
‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधरोपण, सामाजिक कल्याण और शासन की जनहितकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।



