रामपुर शाहबाद
सर्वे-सट्टा मेले में 508 शिकायतें पहुंचीं 489 का मौके पर निस्तारण बाकी का जल्द होगा समाधान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड में आयोजित सात दिवसीय समिति स्तरीय सर्वे-सट्टा प्रदर्शन एवं आपत्ति निस्तारण मेले का मंगलवार को समापन हो गया। मेले का आयोजन 15 से 22 सितंबर तक आयुक्त गन्ना एवं चीनी तथा निबंधक, सहकारी गन्ना एवं चीनी मिल समितियां उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत किया गया। मेले में गन्ना पर्यवेक्षकों के सर्किलवार काउंटरों के साथ एक अतिरिक्त समिति काउंटर भी लगाया गया। इन काउंटरों पर किसानों को सर्वे-सट्टा, उपज बढ़ोतरी, नए सदस्य बनने, शरदकालीन गन्ना बुवाई, समिति फार्म मशीनरी बैंक के यंत्रों के उपयोग तथा प्रधानमंत्री सामाजिक सुरक्षा बीमा एवं पेंशन योजनाओं समेत कृषि निवेश संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। सात दिनों के दौरान किसानों ने सर्वे-सट्टा से जुड़ी कुल 508 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से 489 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 19 शिकायतों की जांच कराकर निस्तारण कराने के लिए जिला गन्ना अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मेले के दौरान काउंटरों का उच्चाधिकारियों द्वारा प्रतिदिन निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस मौके पर गन्ना सचिव साहब सिंह सिद्धार्थ समित आदि लोग मौजूद रहे


