शामली

एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने उठाईं नियमितीकरण समेत कई मांगें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर एनएचएम के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में एनएचएम के तहत एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी कई वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। संघ ने 18 वर्ष से अधिक समय से सेवा दे रहे संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य-समान वेतन लागू करने की मांग की।

इसके अलावा नियमितीकरण और समान वेतन की प्रक्रिया पूरी होने तक वेतन में तत्काल वृद्धि, एनएचएम में कार्यरत कर्मचारियों के ऐसे पदों का सृजन जिनका स्वास्थ्य विभाग में पद सृजित नहीं है, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, नियोक्ता अंशदान, पदानुसार आवास और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की गई।

संघ ने रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण नीति बहाल करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने तथा स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग भी रखी।

संघ के अनुसार 5, 6 और 7 अक्टूबर को कर्मचारी काला फीता बांधकर कार्य करेंगे। 8, 9 और 10 अक्टूबर को जनपद मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार/कार्यविराम किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सार्थक वार्ता या समाधान नहीं होने पर 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button