घरेलू एवं जमीन विवाद में 13 वर्षीय बालक की हत्या का आरोप, नदी किनारे से शव बरामद
13-year-old boy allegedly murdered amidst domestic and land dispute; body recovered from riverbank.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम में करमा पूजा के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय बालक दीनानाथ सिंह की हत्या के मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गये व्यक्ति के निशानदेही पर कथित रूप से घटना में प्रयुक्त टेम्पू और लोहे का जैक जब्त किया गया है। वही बालक का शव नगर थाना क्षेत्र के देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से बरामद किया गया। एसडीओ कुमार गौरव ने मीडिया को साझा किया कि 23 सितंबर को हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम में करमा पूजा के दौरान बालक के लापता होने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, भापुसे के निर्देश पर मेरे नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था । गठित विशेष जांच टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर बालक की तलाश में लगातार छापेमारी की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को घरेलू एवं जमीन विवाद से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में बालक की हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की बात सामने आई। उन्होंने कहा कि मामले में हरिनन्दन सिंह के लिखित तहरीर के आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 71/26, के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सम्बन्धित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसडीपीओ ने बताया कि मानवीय, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम निवासी लगभग 40 वर्षीय मनोज कुमार (पिता स्व. हवा सिंह) को हिरणपुर बस स्टैंड के समीप से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये व्यक्ति ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। हालांकि, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और न्यायिक परीक्षण के अधीन सभी आरोपों का अंतिम निर्धारण होगा। एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बजाज मैक्सीमा कंपनी का हरे रंग का टेम्पू (JH17AE0680) और एक लोहे का जैक जब्त किया है। साथ ही बरामद शव को आवश्यक जांच एवं पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वही उल्लेखनीय कांड की कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी पु.अ.नि. विनय कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी पु.अ.नि. विवेक कुमार, सिमलोंग ओपी प्रभारी पु.अ.नि. बलवंत दुबे, पु.अ.नि. गौतम दास, पु.अ.नि. अनिल पंडित, पु.अ.नि. अमरजीत मिश्रा, विशेष छापेमारी दल के प्रभारी पु.अ.नि. पप्पू कुमार, स.अ.नि. रविन्द्र सिंह, स.अ.नि. ज्योतिष चौधरी सहित तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी एवं हिरणपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वही समाचार लिखे जाने तक पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही थी।



