भाजपा ने अंत्योदय दिवस के रूप में मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती
The BJP celebrated Pandit Deendayal Upadhyaya's birth anniversary as Antyodaya Diwas.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारतीय जनसंघ के प्रमुख विचारकों में शामिल, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा पाकुड़ नगर मंडल की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यकर्ताओं ने तांतीपाड़ा स्थित दीनदयाल उद्यान (रानी दिग्घी) में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनकी जयंती को अंत्योदय दिवस के रूप में मनाते हुए उनके विचारों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष सोहन मंडल ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया तथा उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संकल्प दोहराया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह मंडल प्रभारी हिसाबी राय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों को केंद्र में रखते हुए राष्ट्र निर्माण की अवधारणा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि उनके एकात्म मानववाद में समाज के प्रत्येक व्यक्ति के समग्र विकास की अवधारणा निहित है। अंत्योदय के माध्यम से वे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और सम्मानजनक जीवन के पक्षधर थे। भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और अंतिम व्यक्ति के कल्याण पर केंद्रित था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सामाजिक संदर्भ में भी उनके विचारों से प्रेरणा लेकर वंचित, गरीब और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, अमृत पांडेय, वार्ड पार्षद अनिकेत गोस्वामी, गुड्डू कुमार भगत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सम्पा साहा, पार्वती देवी, सुशील साहा, धर्मेंद्र त्रिवेदी, पंकज साह, मुस्ताक खान, जितेंद्र गुप्ता, तोहिद शेख, पप्पू शेख सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



