85 हजार की रिश्वत के बाद खनन अधिकारी व तकनीकी सहायक जेल भेजे गए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान मेरठ सेक्टर की टीम ने 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए खनन अधिकारी और उनके कार्यालय में तैनात तकनीकी सहायक को शुक्रवार को जेल भेज दिया। सतर्कता टीम ने आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की रकम के अलावा खनन अधिकारी के कार्यालय और सरकारी आवास से कुल 71.89 लाख रुपये की नकदी, सीसीटीवी डीवीआर और संबंधित फाइल बरामद करने का दावा किया है।
सतर्कता विभाग के अनुसार शामली के गांव मंगलौरा निवासी परमाल ने दो सितंबर को बालू खनन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन खनन अधिकारी सुधाकर सिंह के स्तर पर लंबित था। आरोप है कि आवेदन आगे बढ़ाने के नाम पर खनन अधिकारी के कथित निजी बाबू सद्दाम के माध्यम से 1.35 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। शिकायतकर्ता ने 21 सितंबर को अधिकारी के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा किए थे। इसके बाद शेष 85 हजार रुपये की मांग को लेकर सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत की गई।
शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई। गुरुवार को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में 85 हजार रुपये के नोटों पर फिनोफ्थलीन पाउडर लगाकर शिकायतकर्ता को दिए गए। दोपहर करीब 2:45 बजे शिकायतकर्ता खनन अधिकारी के कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि बातचीत के दौरान खनन अधिकारी ने कमीशन की रकम सद्दाम को देने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने सद्दाम को 85 हजार रुपये दिए। इशारा मिलते ही सतर्कता टीम ने कार्यालय पहुंचकर सद्दाम को पकड़ लिया और उसकी मेज की रैक से रकम बरामद की।
इसके बाद टीम ने खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और तकनीकी सहायक सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के हाथों का रासायनिक परीक्षण भी कराया गया, जिसमें धोवन का रंग गुलाबी होने की बात फर्द में दर्ज की गई है। टीम ने कार्यालय और आवास से 71.89 लाख रुपये की नकदी बरामद करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।



