शामली
घर में घुसी घोड़ा गाड़ी, मकान का अगला हिस्सा ध्वस्त
सुबह चार बजे तेज धमाके से जागे परिजन, मलबे में दबी बाइक और बुग्गी; चालक घायल, निजी अस्पताल में भर्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। मेरठ करनाल हाईवे पर करनाल की ओर से आ रही घोड़ा गाड़ी PB 05 AT 7157 अनियंत्रित होकर रविवार तड़के अहमदगढ़ चौकी के नजदीक गांव सिंगरा में करीब चार बजे सड़क किनारे स्थित दो मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मोटरसाइकिल, बुग्गी और स्टील का गेट मलबे में दब गया। वहीं, घोड़ा गाड़ी का चालक भी चोटिल हो गया, जिसे एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए झिंझाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जीतेन्द्र पुत्र श्याम सिंह और बबलू पुत्र श्याम सिंह के मकान में तड़के अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई। परिजन उठकर बाहर आए तो घोड़ा गाड़ी मकान में घुसी हुई थी। टक्कर से मकान का गेट, छप्पर और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल और बुग्गी भी मलबे में दब गई। जीतेन्द्र ने बताया कि घोड़ा गाड़ी में बियर की मैली भरी हुई थी और वह करनाल की ओर से आ रही थी। हादसे के दौरान बिजली का मीटर और तार भी टूट गए, जिससे पूरे मकान में करंट दौड़ गया। गनीमत रही कि परिवार के लोग सुरक्षित रहे। मकान के सामने बने छप्पर में पशु भी बंधे हुए थे, लेकिन वे भी बाल-बाल बच गए।
परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस और एनएचएआई अधिकारियों को दी। परिजनों का आरोप है कि वाहन तेज रफ्तार में था और चालक के नशे में होने या नींद की झपकी आने की वजह से वाहन अनियंत्रित होकर मकान में घुसा हो सकता है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। परिजनों के मुताबिक हादसे में मकान और घरेलू सामान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि इस मार्ग हमारे घर पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे की जांच कराने, नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने और मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बैरिकेडिंग कराने की मांग की है।




