शामली

हृदय रोगों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर रविवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों और तीमारदारों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिकित्सकों ने हृदय रोगों के प्रमुख कारण, शुरुआती लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

फिजिशियन डॉ. समद अली और डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, धूम्रपान व तंबाकू का सेवन तथा शारीरिक गतिविधियों की कमी हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारक हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और नियमित व्यायाम से हृदय रोगों के खतरे को कम किया जा सकता है।

चिकित्सकों ने तनाव नियंत्रित रखने, पर्याप्त शारीरिक गतिविधि करने तथा धूम्रपान व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सीने में दर्द या भारीपन, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक पसीना आना, चक्कर आना अथवा अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय रोगों की रोकथाम और समय रहते उपचार के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button