अश्लील गीत के विरोध में नाई समाज ने एसपी को सौंपा सामूहिक आवेदन, कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। राष्ट्रीय नाई महासभा, बोकारो के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कथित अश्लील गीत “बाप चलावे सैलून, बेटी दिखावे बैलून” के विरोध में पुलिस अधीक्षक, बोकारो को सामूहिक आवेदन सौंपकर मामले की जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समाज के प्रतिनिधियों ने आवेदन में कहा कि उक्त गीत में नाई समाज के पारंपरिक पेशे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही महिलाओं एवं बेटियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि इससे नाई समाज के लोगों में आक्रोश है और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने गीत से जुड़े गायक, गीतकार एवं इसके प्रचार-प्रसार में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने कहा कि मनोरंजन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक मर्यादा तथा महिलाओं के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
सामूहिक आवेदन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र हजाम, प्रखंड अध्यक्ष अनिल शर्मा, भक्तु हजाम, शंकर ठाकुर, आदित्य ठाकुर, परमेश्वर हजाम, दिलचंद ठाकुर, चंदन ठाकुर, भीम ठाकुर, खेमलाल ठाकुर, सुबोध ठाकुर, रूपलाल ठाकुर, अनिल ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, लोकेश प्रमाणिक एवं प्रदीप ठाकुर सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित थे।



