बेतुल
बैतूल सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसानों ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव
14 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन, फसल के लाभकारी दाम, बिजली, खाद, बीमा और वनग्रामों के पट्टे का मुद्दा उठाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। किसानों और स्थानीय समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस के किसान न्याय आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ जनरैली निकाली गई। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया और लल्ली चौक पर पुतले को प्रतीकात्मक रूप से फांसी दी गई। इसके बाद कलेक्ट्रेट का घेराव कर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
गंज स्थित वृंदावन गार्डन से शुरू हुई रैली बाबू चौक, मस्जिद चौक, दिलबहार चौक, कोठी बाजार और बस स्टैंड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। सभा में किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं।
ज्ञापन में मक्का, धान, गन्ना और सोयाबीन के लाभकारी दाम तय कर खरीदी की गारंटी, फसल बीमा की राशि खसरा-वार देने, वन्यजीवों से फसल नुकसान का मुआवजा, स्मार्ट मीटर पर रोक, सस्ती खाद और 14 घंटे बिजली की मांग की गई। इसके अलावा वनग्रामवासियों को पट्टे, डैम प्रभावित गांवों के विस्थापन और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।
आंदोलन में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी, डॉ. पीआर बोड़खे, धरमू सिंह सिरसाम, प्रदेश सचिव समीर खान, गोपाल कृष्ण शर्मा, रामू टेकाम सहित कांग्रेस पदाधिकारी, किसान कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




