बेतुल
बैतूल पैरा बेसिक कैंप में सोनम नारे का चयन, आगरा में पूरा किया विशेष सैन्य प्रशिक्षण
एमपी छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट की 4 सीटों में मिली जगह, 17 एनसीसी डायरेक्टोरेट्स के चुनिंदा कैडेट्स ने लिया प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, जयवंती हक्सर शासकीय महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट एसजीटी सोनम नारे ने आर्मी एयरबोर्न ट्रेनिंग स्कूल आगरा में आयोजित प्रतिष्ठित पैरा बेसिक कैंप सफलतापूर्वक पूरा कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। उन्होंने इस राष्ट्रीय स्तर के विशेष प्रशिक्षण में एमपी छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट का प्रतिनिधित्व किया।
पैरा बेसिक कैंप एनसीसी का विशिष्ट एवं विशेषीकृत प्रशिक्षण शिविर है, जिसका आयोजन लगभग 4 से 5 वर्ष के अंतराल में होता है। इसमें देशभर की 17 एनसीसी डायरेक्टोरेट्स से चुनिंदा कैडेट्स का चयन किया जाता है। एमपी छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट के लिए निर्धारित केवल 4 सीटों में एसजीटी सोनम नारे का चयन हुआ। उन्होंने 5 एमपी गर्ल्स बटालियन, नर्मदापुरम के साथ अपने महाविद्यालय का भी प्रतिनिधित्व किया।
सोनम की उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे, एनसीसी सीटीओ कृष्णा गौसर सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनकी यह उपलब्धि अन्य एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।



