हजारीबाग
रैंप से आत्मविश्वास तक: आशिर सिन्हा ने युवतियों को सिखाईं मॉडलिंग की बारीकियां।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग। तरंग ग्रुप की ओर से आयोजित विशेष मॉडलिंग एवं संवाद सत्र में चर्चित मॉडल आशिर सिन्हा ने युवतियों को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने रैंप वॉक, बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास तथा कैमरे के सामने बेहतर तरीके से खुद को प्रस्तुत करने के गुर साझा किए।आशिर सिन्हा प्रतिष्ठित सिन्हा परिवार से आते हैं। वह हजारीबाग के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा के पुत्र एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के पौत्र हैं। उनकी दादी नीलिमा सिन्हा लेखन के क्षेत्र से जुड़ी रही हैं, जबकि उनकी मां पुनीता सिन्हा सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। कार्यक्रम के दौरान आशिर सिन्हा ने अपने मॉडलिंग सफर के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह लंदन फैशन वीक, बॉम्बे फैशन वीक और मिलान फैशन वीक जैसे प्रतिष्ठित फैशन प्लेटफॉर्म पर काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि मॉडलिंग केवल खूबसूरत दिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आत्मविश्वास, अनुशासन, फिटनेस, प्रभावी बॉडी लैंग्वेज और निरंतर सीखने की आवश्यकता होती है।संवाद के दौरान उन्होंने युवतियों को मॉडलिंग में करियर की संभावनाओं और इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही बॉलीवुड फिल्मों के जरिए अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने की तैयारी में हैं।आशिर सिन्हा ने तरंग ग्रुप की गतिविधियों और युवाओं को मंच उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि हजारीबाग जैसे शहर में युवाओं, विशेषकर युवतियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए ऐसे मंच मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में तरंग ग्रुप के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।इस अवसर पर तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने आशिर सिन्हा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि तरंग ग्रुप का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं को उचित मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में मेघा राज, करीना गुप्ता, शाना खान, पूजा कीर्ति, वर्षा कुमारी, सनाया रॉय, अंशु कुमारी, अंकिता कुमारी, लक्ष्मी यादव, रिशि सिंह, ओम शंकर, चंदन कुमार एवं सुमित सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सत्र के दौरान युवतियों ने आशिर सिन्हा से मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।



