मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों से कथित मिलीभगत कर स्नातक मतदाताओं के दस्तावेजों का उनकी जानकारी या सहमति के बिना इस्तेमाल कर रहे हैं। आरोप है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बड़ी संख्या में फार्म-18 जमा कराए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र ताना ने ज्ञापन में मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के संभावित प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल समेत कुछ अन्य लोगों पर भी नियमों के विपरीत बड़ी संख्या में मतदाता पंजीकरण कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वीडियो, फोटो और अन्य दस्तावेज ज्ञापन के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।
ज्ञापन में गाजियाबाद समेत अन्य जिलों में भी इसी तरह बड़ी संख्या में फार्म जमा कराने के दावे किए जाने का उल्लेख किया गया। सपा नेताओं ने निर्वाचन आयोग के नियमों और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों का हवाला देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही बिना सहमति दस्तावेजों के इस्तेमाल और कथित फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप, एमएलसी किरणपाल कश्यप, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र ताना, कलीम चौधरी, दीपा पंवार आदि मौजूद रहे।



