शामली

सस्ती सोने की गिन्नियां बेचने का झांसा देकर आभूषण ठगने वाले तीन गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। टंकी रोड स्थित दुकान पर सस्ती सोने की गिन्नियां बेचने का झांसा देकर महिला से सोने-चांदी के आभूषण ठगने के मामले का आदर्श मंडी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक पुरुष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी किए गए आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

बुधवार को थाना आदर्श मंडी में एएसपी सुमित शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि गत 27 जुलाई को शांतिनगर निवासी सुनीता गिरि टंकी रोड स्थित दुकान पर थीं। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाएं वहां पहुंचीं और सस्ती कीमत पर सोने की गिन्नियां बेचने का प्रलोभन दिया। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने धोखाधड़ी कर सुनीता गिरि के सोने और चांदी के आभूषण ठग लिए थे।

मामले में आदर्श मंडी थाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था। बुधवार को पुलिस ने शामली रेलवे स्टेशन के पास से आशीष उर्फ गौतम निवासी नानाचिदौड़ा, अहमदाबाद, गुजरात, अंजू निवासी रघुवीर नगर, दिल्ली और पवित्रा उर्फ गुड़िया निवासी नानाचिदौड़ा, अहमदाबाद, गुजरात को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक मांग टीका, दो कानों के टॉप्स, एक लॉकेट और एक नाक की लौंग पीली धातु की, जबकि एक जोड़ी पाजेब और दो गले की चेन सफेद धातु की बरामद हुई हैं। इसके अलावा एक कीपैड मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button