उधार के रुपए मांगने पर दोस्त ने की हत्या
हत्यारोपी दो दोस्त गिरफ्तार , सर में रॉड मारकर हत्या करने का लगा आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हापुड़ ( यूपी ) – हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी निवासी अमन सागर (25) की हत्या के मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपी दोस्तों को गिरफ्तार किया है,पुलिस के अनुसार, उधार दिए गए 2 लाख रुपए वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में अमन की रॉड से हमला कर हत्या की गई थी।उसका शव बदनौली फाटक के पास खेत में
मिला था । पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड भी बरामद कर ली है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसरूपनगर निवासी प्रशांत और पंकज हैं । मृतक अमन ने आरोपी प्रशांत को करीब ढाई लाख रुपए उधार दिए थे,प्रशांत कुछ रकम वापस कर चुका था, लेकिन करीब 2 लाख रुपए बाकी थे । अमन की बहन की नवंबर में शादी थी जिसके लिए वह प्रशांत से रुपयों का तगादा कर रहा था । पुलिस के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले इसी बात को लेकर अमन और प्रशांत के बीच विवाद हुआ था । इसी दौरान अमन ने प्रशांत को गाली दे दी थी। इससे नाराज प्रशांत ने अमन की हत्या की साजिश रची । जिसके बाद सोमवार देर शाम प्रशांत ने रुपये लौटाने के बहाने अमन को अपनी स्कूटी पर बैठाते हुए मोदीनगर रोड स्थित पहुंच गया जहां , उन्हें आयुष और पंकज मिले। इसके बाद तीनों अमन को बदनौली के जंगल में ले गए।
सीओ के अनुसार , इसके बाद सभी ने एकसाथ जंगल मे बीयर पी। नशे की हालत में प्रशांत ने अमन से डिप्स लगाने के लिए कहा लेकिन जैसे ही अमन नीचे झुका , आरोपी प्रशांत ने रॉड से उसके सिर पर कई वार कर दिए।गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई । अमन की मौत के बाद आरोपी शव को बदनौली फाटक के पास खेत में फेंककर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह खेत में अमन का शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था । पुलिस ने जांच के बाद प्रशांत और पंकज को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल रॉड बरामद कर ली गई है।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में आयुष और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस उनकी तलाश कर रही है। दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।



