
गांधीनगर। जांबाज स्मित मच्छार को मिलेगा गुजरात सरकार विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार देगी। सीएम भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को इसका ऐलान किया है।
भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने जान पर खेलकर लोगों की जान बचाई
गुजरात सरकार ने भारतीय मूल के पायलट जांबाज पायलट स्मित मच्छार के लिए राज्य पुरस्कार की घोषणा की है। मच्छार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पायलट स्मित मच्छार को सम्मानित करने की जानकारी खुद अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के जरिए दी है। सीएम ने इसके साथ ही उनकी बहादुरी की भी जमकर तारीफ की है।
सीएम ने कहा इजरायल जाने वाली फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की हिम्मत को आज पूरी दुनिया सलाम कर रही है। हमले में बुरी तरह घायल होने और खून से लथपथ होने के बावजूद उन्होंने 174 यात्रियों की जान बचाई। यह एक ऐसा काम है जो बेहद प्रेरणादायक और तारीफ के लायक है।
अचानक हिंसक हो गया को-पायलट
आपको बता दें कि पूरी दुनिया की नजर इस दिल दहला देने वाली घटना पर है। दरअसल दुबई से इजरायल जा रही एक फ्लाइट में उड़ान के दौरान ही को-पायलट अचानक हिंसक हो गया। इस दौरान उसने मच्छार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया और कथित रूप से विमान को हाईजैक करके क्रैश करने की कोशिश की। विमान अचानक 37 सेकंड में लगभग 14,300 फीट नीचे आ गया था।
खुद पर ताबड़तोड़ हमलों के बीच कैप्टन मच्छार ने बहादुरी से मुकाबला किया। उन्होंने इस दौरान न सिर्फ को-पायटल से मुकाबला बल्कि इमरजेंसी प्रोटोकॉल एक्टिवेट किए। साथ ही कॉकपिट का दरवाजा खुलवा कर स्थिति को संभाला। इसके बाद फ्लाइट में मौजूद अन्य क्रू-मेंबर्स और अन्य यात्री अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू में लिया और खतरे को टाल दिया। हमलावर को काबू में करने के बाद पायलट ने बहादुरी के साथ विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी मच्छार की बहादुरी की जमकर तारीफ की है। सही ने मच्छार को ‘हीरो’ बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। बेहद गंभीर खतरे के बीच घायल होने के बावजूद हिम्मत नहीं छोड़ी और दूसरों की जान बचाने के लिए साहस और अटूट संकल्प दिखाया जिससे कई लोगों की जान बच गई और एक बड़ी त्रासदी टल गई। देश को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। जल्द स्वस्थ होनी की कामना करता हूं। ‘
मच्छार बोले- मैंने सिर्फ अपनी जिम्मेदारी निभाई
कैप्टन स्मित मच्छार को भले ही दुनियाभर से तारीफ मिल रही है मगर उनका कहना है कि सिर्फ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।



