विकास कार्य का विरोध नहीं, पहले हो वैकल्पिक व्यवस्था
प्रभावित दुकानदारों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मोदीनगर। राज चौपला के निकट महालक्ष्मी मार्केट, इंदिरा मार्केट, राज कॉम्प्लेक्स और हापुड़ रोड पर वर्षों से कारोबार कर रहे करीब 50 से अधिक दुकानदारों ने निर्माणाधीन आरओबी निर्माण से पहले पुनर्वास की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि निर्माण की जद में आने से उनकी दुकानें प्रभावित होंगी, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है।
दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे आरओबी निर्माण या क्षेत्र के विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं। उनकी मांग है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले प्रभावित दुकानों और कारोबारियों के लिए उचित समाधान एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
दुकानदारों के अनुसार, प्रस्तावित आरओबी निर्माण से प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं और पुनर्वास को लेकर एडीएम गाजियाबाद को सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया था। बाद में उन्हें जानकारी दी गई कि ज्ञापन संबंधित कार्यालय को भेज दिया गया है।
इसके बाद प्रभावित दुकानदारों ने आगे की कार्रवाई की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी कोमल पवार से मुलाकात की और उन्हें भी ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि आरओबी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले प्रभावित कारोबारियों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था पर निर्णय लिया जाए।
दुकानदारों का कहना है कि वे लंबे समय से इन बाजारों में कारोबार कर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें हटने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों का सर्वे कराकर उचित समाधान कराने की मांग की है।



