शामली
यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में सदर विधायक प्रसन्न चौधरी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने शुल्क व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए यूपीआई भुगतान को पूर्व की भांति बिना अतिरिक्त शुल्क के जारी रखने की मांग की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यूपीआई डिजिटल भुगतान व्यवस्था आज करोड़ों व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए लेन-देन का प्रमुख माध्यम बन चुकी है। ऐसे में यूपीआई भुगतान पर शुल्क लागू होने से व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने की आशंका है। उन्होंने प्रस्तावित व्यवस्था को व्यापारिक हितों को प्रभावित करने वाला बताते हुए सरकार से इस पर पुनर्विचार करने की मांग की।
व्यापारियों ने विधायक प्रसन्न चौधरी से आग्रह किया कि वह उनकी समस्या को उचित माध्यम से सरकार तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करें।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, जिला महामंत्री पीयूष वर्मा, रुचिर संगल, आकाश गोयल, शिवम अरोरा, तुषार धवन, डॉ. अजय वर्मा, विनीत करनवाल, विपिन अत्री, अक्षय मिठारिया, सुशील चौहान, अनुज सोनी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।


