शामली

मांगों को लेकर आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। विभिन्न मांगों को लेकर आशा एवं संगिनी कार्यकर्ता वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले जनपद की आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं ने शनिवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों पर कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।
एसोसिएशन का कहना है कि 29 सितंबर को भी डीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया था, लेकिन स्थानीय स्तर पर उनकी मांगों पर चर्चा नहीं की गई और शासन स्तर के ज्ञापनों को भी आगे नहीं भेजा गया। संगठन के अनुसार, उन्हें वार्ता या सुनवाई के लिए कोई तिथि भी निर्धारित नहीं की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में असंतोष है।
आशा एवं संगिनी कार्यकर्ताओं ने छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें आशाओं को प्रतिमाह कम से कम 21 हजार रुपये तथा आशा संगिनियों को 26 हजार रुपये वेतन देने, भ्रमण के दौरान होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति करने और सभी आशाओं को नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा भ्रमण दिवस के लिए 700 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मुआवजा, दुर्घटना एवं मृत्यु बीमा, यात्रा भत्ता तथा भ्रमण के लिए स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग की गई। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन की व्यवस्था और 12 लाख रुपये एकमुश्त सेवानिवृत्ति लाभ देने की मांग भी उठाई गई।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि मांगों का शीघ्र निस्तारण नहीं होने तक कार्य बहिष्कार और अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button