चंडीगढ़राजनीतिराष्ट्रीय

6 अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस की कमान संभालेंगे परगट सिंह

ताजपोशी की तैयारी शुरू; क्या सभी नेता आएंगे एक मंच पर?

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में नए प्रदेश प्रधान के तौर पर परगट सिंह की ताजपोशी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, छह अक्टूबर मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में परगट सिंह औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाल सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।
खास बात यह होगी कि पदभार ग्रहण समारोह में पंजाब कांग्रेस के लगभग सभी प्रमुख नेताओं को एक मंच पर लाने की तैयारी है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के भी कार्यक्रम में शामिल होने की पूरी उम्मीद है। राजा वड़िंग के बाद परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के बाद पार्टी के लिए यह कार्यक्रम केवल पदभार ग्रहण करने तक सीमित नहीं रहेगा।
इसे पंजाब कांग्रेस के नए चुनावी अभियान की शुरूआत के तौर पर भी देखा जा रहा है। पिछले कई महीनों से पार्टी में चल रही खींचतान और अलग-अलग नेताओं के खेमों के बीच नए अध्यक्ष के पदभार संभालने के साथ हाईकमान की कोशिश संगठन को एकजुट कर सीधे चुनावी मैदान में उतारने की है।
पहली बार पायलट और परगट की साथ बैठक
इससे पहले सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। पंजाब के लिहाज से यह बैठक खास मानी जा रही है।
परगट सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सचिन पायलट और वह एक साथ हाईकमान के सामने होंगे। बैठक में पंजाब के राजनीतिक हालात, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान पंजाब में अब संगठन के स्तर पर किसी तरह की देरी के बजाय चुनावी तैयारी को गति देना चाहता है। नए अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की भूमिका इसी रणनीति के तहत महत्वपूर्ण होगी। बैठक में पंजाब के लिए आगे की राजनीतिक रणनीति, संगठन को मजबूत करने और वरिष्ठ नेताओं को एक साथ लेकर चलने के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।
ताजपोशी के बाद तय होगी राहुल की पंजाब यात्रा
परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में पायलट के साथ पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस इसे एकजुटता के संदेश के रूप में पेश करना चाहती है।
वहीं, इसके बाद राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को भी अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। कांग्रेस की कोशिश है कि नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी, हाईकमान की बैठक और राहुल गांधी के पंजाब दौरे को संगठन के नए चुनावी चरण की शुरूआत के तौर पर आगे बढ़ाया जाए। ऐसे में आने वाला सप्ताह पंजाब कांग्रेस के लिए संगठनात्मक बदलाव के साथ चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button