नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जनपद गाजियाबाद के ग्राम करेड़ा की पशुपालक दीपा चौहान ने मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना का लाभ लेकर पशुपालन को नई दिशा दी है। योजना के तहत उन्होंने दो स्वदेशी गाय खरीदी हैं। इनमें एक साहीवाल और दूसरी गिर नस्ल की गाय है।
वर्ष 2024-25 में दीपा चौहान ने पशुचिकित्सालय भोपुरा के माध्यम से मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्होंने करीब दो लाख रुपये की लागत से प्रदेश के बाहर से दो स्वदेशी गाय खरीदीं। घर पर गायों के रहने के लिए उचित व्यवस्था भी की। योजना के तहत उन्हें 80 हजार रुपये का सरकारी अनुदान मिला।
दीपा दोनों गायों का बेहतर तरीके से पालन-पोषण कर रही हैं। उनका कहना है कि स्वदेशी गायों का दूध पौष्टिक होने के साथ बाजार में भी इसकी मांग है। पशुपालन से परिवार की आय बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
दीपा का परिवार छोटा है। उनका एक बेटा और एक बेटी है, जो स्कूल में पढ़ते हैं। योजना का लाभ मिलने से खुश दीपा ने सरकार का आभार जताया। उन्होंने क्षेत्र के अन्य पशुपालकों से भी स्वदेशी गाय पालने और योजना का लाभ उठाने की अपील की।
इच्छुक पशुपालक मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना की जानकारी के लिए अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। विभाग के अनुसार योजना का उद्देश्य स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन के साथ पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है।

