
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अवैध संपत्तियों की जांच व जब्ती की भी मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नकली खाद के कथित कारोबार के खिलाफ मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड ने मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। संगठन ने नकली खाद का कारोबार करने वाले आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने, उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जांच कर जब्त करने तथा पनारी स्थित कथित नकली खाद फैक्ट्री को ध्वस्त किए जाने की मांग उठाई है। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष एड.हृदेश यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में नकली खाद का कारोबार लंबे समय से संचालित होने के आरोप सामने आते रहे हैं। संगठन का आरोप है कि पूर्व में महरौनी, जखौरा और ललितपुर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज किए गए, लेकिन सामान्य धाराओं में कार्रवाई होने के कारण आरोपी जमानत पर बाहर आकर दोबारा इसी तरह के कारोबार में संलिप्त हो जाते हैं। ज्ञापन में पनारी स्थित कथित नकली खाद फैक्ट्री का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। संगठन के अनुसार, तत्कालीन जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के कार्यकाल में भी उक्त स्थान पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में खाद पकड़े जाने की बात सामने आई थी। वहीं, हाल में एसडीएम सदर की कार्रवाई में भी 217 बोरी कथित नकली खाद पकड़े जाने का दावा ज्ञापन में किया गया है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। यूथ ब्रिगेड ने आरोप लगाया कि जिले में नकली खाद के मामलों में सामने आए लोग कथित तौर पर संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं और इस अवैध कारोबार से भारी संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका है। संगठन ने आरोपों की जांच कर दोषियों की चल-अचल संपत्तियों का सत्यापन कराने तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मिलने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नकली खाद के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही पनारी में जिस परिसर से कथित रूप से नकली खाद का कारोबार सामने आया है, उसके संबंध में जांच पूरी कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष एड.हृदेश यादव, सोनू मंसूरी, चंद्रपाल यादव, विश्वा, अवधेश राजा बुंदेलखंड तथा जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड साहेब खान सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
लोहिया वाहिनी ने भी दिया ज्ञापन
इधर किसानों को नकली खाद और महंगे दामों पर उर्वरक बेचकर कथित तौर पर किए जा रहे शोषण पर रोक लगाने की मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई। समाजवादी लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष परवेज पठान के नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन दिया गया।



