बेतुल
बैतूल नेत्र जांच शिविर में 155 लोगों की जांच, 52 में मिला मोतियाबिंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल भौंरा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंरा में मंगलवार को लायंस क्लब द्वारा नेत्र जांच शिविर लगाया गया। शिविर में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आए 155 लोगों की नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच की। जांच में 52 लोगों में मोतियाबिंद पाया गया। सभी 52 मरीजों को उपचार के लिए बस से भोपाल स्थित सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय ले जाया गया।
लायंस क्लब अध्यक्ष लायन कमल सिंह मर्सकोले ने बताया कि सभी 52 मरीजों का मोतियाबिंद का इलाज सेवा सदन में निःशुल्क किया जाएगा। मरीजों के रहने, खाने-पीने और आने-जाने की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी। अन्य मरीजों की भी आंखों की जांच कर आवश्यक दवाएं और सलाह दी गई। शिविर में बैतूल जिले के अलावा अन्य जिलों और महाराष्ट्र से आए लोगों ने भी जांच कराई।
मरीजों को भोपाल रवाना करने से पहले फल और भोजन के पैकेट वितरित किए गए। शिविर में लायंस क्लब के पूर्व रीजन चेयरपर्सन लायन अशोक अग्रवाल, पूर्व जोन चेयरपर्सन लायन राजेंद्र सिरोटिया, पूर्व अध्यक्ष दिनेश गोयल, राकेश साहू, संतोष नायक, राजेंद्र साहू, अखिलेश पांडे, सचिव संजय शुक्ला, उपाध्यक्ष प्रेम उदयपुरे, बाबूराव घोड़की, नीलू यादव, रुपनारायण मालवीय, पालू सलूजा, डॉक्टर मधुर साहू सहित लायंस क्लब के सदस्य और स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।



