शामली
शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट की लाइन में दौड़ा करंट, लाइनमैन झुलसा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला, शामली। भभीसा गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र पर गुरुवार को शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट की लाइन में अचानक करंट दौड़ गया। मरम्मत कार्य कर रहा लाइनमैन इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सहकर्मियों और ग्रामीणों ने उसे कांधला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में शामली रेफर कर दिया गया।
विद्युत उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन राजकुमार 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर कट-जोड़ संबंधी मरम्मत कार्य कर रहा था। बताया गया कि कार्य शुरू करने से पहले संबंधित लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कर शटडाउन लिया गया था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित होने से राजकुमार उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विद्युतकर्मियों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे कांधला के निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शामली रेफर कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
शटडाउन के बावजूद करंट कैसे आया, जांच शुरू
अवर अभियंता इरफान अहमद ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान नियमानुसार लाइन का शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद लाइन में विद्युत प्रवाह किस कारण और किस स्थान से हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही करंट आने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

