शामली

जीएसटी सुधारों से व्यापारियों और लघु उद्योगों को राहत मिलने की उम्मीद: अंकित गोयल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। साईंमां के चेयरमैन एवं लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल ने जीएसटी काउंसिल की बैठक में व्यापारियों और उद्यमियों के हित में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और जीएसटी काउंसिल के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि प्रस्तावित सुधारों से कर संबंधी प्रक्रियाएं आसान होने और कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

अंकित गोयल ने कहा कि व्यापारियों की इन मांगों को वह लंबे समय से सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं के समक्ष उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और व्यापारियों के अनुकूल बनाने की दिशा में ये महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सुधारों में रिफंड की समय-सीमा 60 दिन से घटाकर 17 दिन करने, मामूली कर संबंधी गड़बड़ियों पर गिरफ्तारी से राहत देने और टैक्स चोरी के मामलों में आपराधिक कार्रवाई की सीमा एक करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने जैसे प्रावधान शामिल हैं।

इसके अलावा, सप्लायर की ओर से टैक्स जमा नहीं करने की स्थिति में खरीदार के इनपुट टैक्स क्रेडिट की सुरक्षा, बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से फर्जी जीएसटी पंजीकरण पर रोक और कर्मचारियों के ग्रुप हेल्थ व लाइफ इंश्योरेंस से जुड़े कर लाभ जैसे प्रस्ताव भी शामिल हैं। डिलीवरी सेवाओं की फीस पर जीएसटी दर 18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने, टेलीकॉम टावर और फैक्ट्री परिसर के बाहर की पाइपलाइन पर इनपुट टैक्स क्रेडिट तथा होटल एवं आउटडोर कैटरिंग कारोबार को राहत देने संबंधी प्रावधानों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि नियमानुसार नष्ट किए गए एक्सपायर्ड सामान पर इनपुट टैक्स क्रेडिट, रीट्रेडेड ट्रैक्टर टायर पर पांच प्रतिशत जीएसटी और 10 हजार रुपये से कम की टैक्स मांग पर शो-कॉज नोटिस जारी नहीं करने जैसे प्रस्ताव भी व्यापारियों के लिए उपयोगी हो सकते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से व्यापारियों और लघु उद्योगों के हित में आगे भी सकारात्मक कदम उठाने की अपेक्षा जताई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button