प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण की उठी मांग, असामाजिक तत्वों के जमावड़े से सुरक्षा पर सवाल
Demand raised for the construction of a boundary wall for the primary school; safety concerns arise due to the gathering of anti-social

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली पंचायत शहरकोल में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा को लेकर चहारदीवारी निर्माण की मांग उठने लगी है। विद्यालय परिसर में शाम के बाद असामाजिक तत्वों के जमावड़े की आशंका के मद्देनजर स्कूल की घेराबंदी को आवश्यक बताया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कदम उठाने की अपील की गई है। बताया जाता है कि जिला मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित इस विद्यालय का परिसर चाहरदीवारी के अभाव में पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। शाम के बाद कुछ बच्चे और असामाजिक तत्व विद्यालय के आंगन में जमा होते हैं। इस दौरान मोबाइल पर गेम खेलने सहित अन्य गतिविधियां किए जाने की बात सामने आई है। साथ ही, नशीले पदार्थों के सेवन जैसी गतिविधियों की आशंका भी जताई जा रही है, जो विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और स्वच्छता के लिए चिंता का विषय है। विद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थान का परिसर बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया जाता है। ऐसे में चाहरदीवारी का अभाव परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। विद्यालय की घेराबंदी होने से अनधिकृत प्रवेश पर नियंत्रण रखने और स्कूल परिसर को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है। इस संबंध में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय का निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर चाहरदीवारी निर्माण की दिशा में ठोस पहल की जाए। इससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मांग पर कब तक संज्ञान लेता है और विद्यालय की सुरक्षा के लिए चाहरदीवारी निर्माण की दिशा में क्या कदम उठाता है।



