भरत पुर
सालाबाद रेलवे फाटक के पास राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत
मृतका की पहचान में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर । बयाना-भरतपुर रेल मार्ग पर सालाबाद रेलवे फाटक के पास शनिवार शाम राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन महिला को करीब एक किलोमीटर तक घसीटती ले गई। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल और बयाना कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतका की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे राजधानी एक्सप्रेस बयाना से भरतपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सालाबाद रेलवे फाटक के पास महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा गया। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल चौकी प्रभारी तुलसीराम मीणा घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, बयाना कोतवाली थाने से सहायक उप निरीक्षक निर्भय सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार मृतका ने नीले रंग की प्रिंट वाली साड़ी पहन रखी थी। खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।


