भरत पुर
मुर्रकी के पास तेज रफ्तार कार पलटी
एयरबैग खुलने से बची दो युवकों की जान, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर। बयाना-भरतपुर मार्ग पर मुर्रकी गांव के पास तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे दोनों युवकों की जान बच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने घायलों को बयाना अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान भरतपुर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के मंहगाया गांव निवासी अशोक जाटव और उनके चचेरे भाई तुषार जाटव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ब्रेजा कार से भरतपुर से बयाना की ओर आ रहे थे। मुर्रकी गांव के पास पहुंचने पर कार अनियंत्रित हो गई और हाईवे किनारे बनी नाली में जा गिरी। इस दौरान कार पलट गई और उसका अगला हिस्सा घूमकर भरतपुर की दिशा में हो गया।
दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा कार की स्थिति से लगाया जा सकता है। कार नाली में गिरने के बाद पलट गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए। हालांकि, टक्कर के दौरान एयरबैग खुलने से कार में सवार दोनों युवकों को सुरक्षा मिली। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही बनी रही। फिलहाल दोनों युवकों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।



