
जलदाय विभाग के खिलाफ महिला-पुरुषों ने हाथ खड़े कर जताया विरोध, अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप, समाधान नहीं होने पर दोबारा प्रदर्शन की चेैतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भरतपुर। बयाना क्षेत्र के बिडयारी गांव की जाटव कॉलोनी में पिछले चार दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। घरों में पानी नहीं पहुंचने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पैसे देकर टैंकर मंगवा रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पेयजल संकट से परेशान कॉलोनी के महिला और पुरुषों ने जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने हाथ खड़े कर विरोध दर्ज कराया और जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उनका कहना है कि चार दिन से पानी नहीं आने के कारण पीने के पानी के साथ ही घरों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय ग्रामीण जीतू जाटव और बनै सिंह जाटव ने आरोप लगाया कि पेयजल समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार फोन कर शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। ऐसे में उन्हें समस्या के समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी पैसे खर्च कर टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। इसके बावजूद आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। उन्होंने विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल समस्या का समाधान कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे दोबारा प्रदर्शन करेंगे। अब ग्रामीणों को राहत मिलने के लिए जलदाय विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।


