शामली
नवरात्र की तैयारियां तेज, बाजारों में बढ़ी पूजा सामग्री की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। पितृ अमावस्या के बाद अब शहर में शारदीय नवरात्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार से नवरात्र शुरू होने के चलते बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है। श्रद्धालु घरों में माता रानी की मूर्ति स्थापित करने और घट स्थापना की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, देवी मंदिरों में साफ-सफाई के साथ रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की गई है। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
नवरात्र को लेकर बड़ा बाजार, गांधी चौक, नया बाजार, कबाड़ी बाजार, नेहरू मार्केट और भिक्की मोड़ सहित शहर के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। श्रद्धालु पूजा की थाली, कलश, नारियल, चुनरी, रोली, मौली, धूप-बत्ती, कपूर और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। माता रानी की मूर्तियों और सजावट के सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। घरों में पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालु अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।
शहर के अट्ठेवाला देवी मंदिर, चौदस वाला देवी मंदिर और श्री बड़ी माता मंदिर में भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कराने के साथ प्रवेश द्वार और भवनों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और सुबह-शाम आरती की व्यवस्था की गई है।
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा के साथ पर्व की शुरुआत होगी। श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।