शामली
तीन दिवसीय हड़ताल समाप्त, मांगों को लेकर लखनऊ कूच करेंगे एनएचएम संविदा कर्मी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले एनएचएम संविदा कर्मियों का तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन शनिवार को समाप्त हो गया। आंदोलन के तीसरे और अंतिम दिन कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और अन्य सुविधाओं की मांग उठाई। कर्मचारियों के आंदोलन से स्वास्थ्य विभाग की कई सेवाएं प्रभावित रहीं। संघ ने रविवार को आपातकालीन सेवाओं में तैनात कर्मचारियों को छोड़कर अन्य कर्मियों के लखनऊ कूच करने की घोषणा की है।
धरने पर बैठे संविदा कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने नियमितीकरण होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की। इसके अलावा कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग भी उठाई।
संघ ने रिक्त पदों पर स्थानांतरण नीति लागू करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने, आउटसोर्स कर्मचारियों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन करने और नियमित पदों पर भर्ती में एनएचएम संविदा कर्मियों के लिए कोटा निर्धारित करने की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष संगीत शर्मा ने बताया कि कार्य बहिष्कार के कारण एएनएम, आरबीएसके और टीबी कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से मांगों पर कोई ठोस जवाब नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। रविवार को आपातकालीन सेवाओं में तैनात कर्मचारियों को छोड़कर अन्य कर्मचारी लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
धरने में महामंत्री मुब्बसिर खान, डॉ. साईस्ता, डीसीपीएम फहीम अहमद, डीपीएम आयुतोष श्रीवास्तव, डॉ. शौर्य मलिक, डॉ. विवेक, डॉ. अजहर, लविश कुमार और दीपक शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।