पाकुड़

उपासना मरांडी की पहल पर रतनपुर–खुड़ुकडांगा सड़क की हुई मरम्मती, ग्रामीणों को मिली राहत

Ratanpur-Khudukdanga road repaired at the initiative of Upasana Marandi; villagers get relief.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
महेशपुर (पाकुड़)। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी के प्रयास से महेशपुर प्रखंड के रतनपुर से खुड़ुकडांगा गांव तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क की मरम्मत कराई गई। सड़क पर डस्ट बिछाकर उसे समतल किया गया, जिससे लंबे समय से आवागमन की परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिली है। गौरतलब है कि रतनपुर से खुड़ुकडांगा जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। विशेषकर बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से ग्रामीणों को पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया एवं अन्य वाहनों से आवागमन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीणों ने इस समस्या से झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी को अवगत कराया। समस्या की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पहल करते हुए सड़क की मरम्मत के लिए डस्ट उपलब्ध कराया। इसके बाद सड़क पर डस्ट बिछाकर उसे समतल करने का कार्य पूरा किया गया। सड़क मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद उपासना मरांडी ग्रामीणों से मिलने गांव पहुंचीं। इस दौरान ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और सड़क की मरम्मत के लिए आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण उन्हें लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही थी। सड़क की मरम्मत होने से फिलहाल आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेकर उसके समाधान के लिए पहल करने को सराहनीय कदम बताया। इस मौके पर उपासना मरांडी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे आगे भी लगातार प्रयास करती रहेंगी। सड़क की मरम्मत से रतनपुर और खुड़ुकडांगा के ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है। हालांकि, सड़क को लंबे समय तक बेहतर स्थिति में बनाए रखने के लिए स्थायी मरम्मत की आवश्यकता भी बनी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button