शामली
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से मुख्यमंत्री आरोग्य मेला प्रभावित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का असर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले पर भी देखने को मिला। प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होने वाला आरोग्य मेला संविदा चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की हड़ताल के चलते प्रभावित हुआ। संगठन का दावा है कि कई स्थानों पर मेला केवल औपचारिकता बनकर रह गया।
एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी दो प्रमुख मांगों और छह सूत्रीय अन्य मांगों को लेकर प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह ने बताया कि 12 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों से एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक कर्मचारी लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे। उधर, संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में संविदा चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।