
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को दीपावली और होली पर एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल देने की योजना जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
दीपावली और होली पर मुफ्त सिलेंडर रिफिल।
योजना पर खर्च होंगे 2142.78 करोड़ रुपये।
लखनऊ: दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल देने की व्यवस्था जारी रखने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान दीपावली और होली पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर रिफिल देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस योजना पर राज्य सरकार 2142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
कैबिनेट बैठक के बाद खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि गरीब परिवारों को रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंत्रिपरिषद ने योजना को आगे जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल दिए जाएंगे।
अक्टूबर से दिसंबर तक पहला चरण-योजना के तहत पहला मुफ्त सिलेंडर रिफिल अक्टूबर से दिसंबर के बीच दीपावली के अवसर पर दिया जाएगा। वहीं, दूसरा मुफ्त सिलेंडर रिफिल जनवरी से मार्च 2027 के बीच होली के अवसर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
आधार से जुड़ा बैंक खाता होना जरूरी-योजना का लाभ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उन्हीं लाभार्थियों को मिलेगा, जिनका बैंक खाता आधार से जुड़ा होगा और आधार प्रमाणीकरण पूरा होगा। सरकार ने मुफ्त सिलेंडर रिफिल का लाभ पाने के लिए यह शर्त निर्धारित की है।
पिछले वर्षों की व्यवस्था रहेगी जारी-योगी सरकार पिछले वित्तीय वर्षों में भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली और होली पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराती रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी यह व्यवस्था जारी रहेगी।
सरकार के अनुसार, इस योजना से गरीब परिवारों में स्वच्छ ईंधन का उपयोग बढ़ेगा। साथ ही, महिलाओं और बच्चों को परंपरागत ईंधन के धुएं से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।



